Showing posts with label प्रकृति. Show all posts
Showing posts with label प्रकृति. Show all posts

Friday, 20 January 2012

प्रकृति की झप्पी


                    मेरे ऑफिस की खिड़की से दिखते है - दो पेड़, नीलगिरी और केसिया के और रंगमंच के सामने बनी अर्धचन्द्राकार सीढियों  का एक भाग. केसिया का मुख्या तना नीलगिरी के पीछे छिपा दिखता है और केसिया की काली शाखाएं नीलगिरी के सफ़ेद तने से निकलती दिखती है. नीलगिरी काफी ऊंचाई पर शाखित  है जो मेरी खिड़की के दृश्य क्षेत्र से बाहर है अत: उसके हलके हरे पत्तों का विरल फैलाव दिखाई नहीं देता वही केसिया अपनी समृद्ध शाखाओं में गाढ़े हरे घने पत्ते समेटे मेरी पूरी खिड़की के दृश्य क्षेत्र को घेरे हुए है.
                 काम  करते हुए मन को पुन: उर्जित करने खिड़की के बाहर नजर जाती है मन उन्मुक्त आसमान में उड़ना चाहता है पर केसिया के घने  फैलाव  से आसमान नजर नहीं आता मुझे ऐसा लगता है मानो मन पर बंधन लग गए है, किसी घने जंगल में गुम हो गई हूँ. टेबल पर रखी फाइलों के  बीच बैठे हुए भटकता मन लाल फीते में बांध दिया गया है,यूँ लगता है कि मन के चारों और सीमाएं खींच दी गई है जिसके बाहर उड़ान नहीं भरी जा सकती है.                 
 नीलगिरी के सफ़ेद बेरंग दरख़्त से निकली  दिखती  केसिया की काली शाखाएं मानो सफ़ेदपोश जमात में जड़े फैलाई बुराइयाँ लगती है और नीलगिरी का परत उधड़ा सफ़ेद बेरंग दरख़्त लाखों करोड़ो लोगो की जिंदगी की परत उधडी कड़वी सच्चाई,केसिया के गाढ़े हरे पत्ते लगते उदासी ओढा मन जिस तक ताजा हवा का झोंका भी पहुचना मुश्किल हो. पेड़ के नीचे से दिखती रंगमंच की सीढियां दर्शकों की प्रतीक्षा में, मानो जिंदगी खुशियों के इंतजार में उदास खड़ी हो.पेड़ की शाखाओं में पड़ी गांठो को देख मन की गांठे उभरने लगती है
               अपनी टेबल छोड़ खिड़की के पास खड़े होने पर एक कोने पर नीले गगन को छूता, अपने नाम को सार्थक करता नीलगिरी का विरल फैलाव दिखता है और दिखता है उन्मुक्त आकाश. आसमान में उड़ते पंछी दिखते है, कुछ आढ़ी-तिरछी उड़ान भरते तो कुछ स्थिरता लिए धीर-गंभीर उडान भरते. उन्मुक्त गगन का दर्शन मानो मन के बंधन भी खोल देता है. विचार कैद से आजाद होने लगते है, एक, दो, तीन, चार.....अरे ये तो  विचारों की बौछार ही होने लगी है. खुला आसमान जिंदगी के नए आयाम खोल देता है, लगता है मै भी उड़ने लगी हूँ हवा सी हल्की होकर इसलिए मुझे खुला आसमान, उड़ते पंछी, बहुत अच्छे लगते है.इससे मन का बोझ दूर हो जाता है. लगता है
मन आसमान सा खाली हो गया है और मन में विचारों का स्रोत सा फूट पड़ता है लगता है मन तारों भरे आसमान सा भर गया है. मन खाली भी भरा भी पर ये खालीपन ये भराव बहुत    सकारात्मक परिवर्तन लाता है.
               अब रंगमंच की सीढियाँ उदास नहीं अपितु दर्शक बच्चों की किलकारियों, खुशियों, किशोरों की अल्हड़ता, जवानों के जोश और वृद्धों के अनुभव से समृद्ध लगती है. मन ये सोच अचम्भित होता है कि यदि ये मानव होती तो नित नए दर्शको और नाटको के मंचन से अनुभव के गागर भरते जिं दगी के अनगिनत रंगों पर डॉक्टरेट कर सकती.
                 केसिया के काले तने को ढंका नीलगिरी का सफ़ेद तना अब महसूस कराता है कि जीवन के स्याहपक्ष जीवन के श्वेतपक्ष के पीछे ही जगह पाते है. दुःख या मुश्किलें खुशियों के सामने आते ही विस्मृत हो जाती है भले ही उनकी कसक उनका अहसास रह जाये. खिड़की पर खड़े होने से सिर्फ केसिया की काली शाखाएं और पत्ते ही नहीं दिखते अपितु अब इसकी फुनगियो पर लगे चटख पीले खुशनुमा फुल भी दिखते है. जो जिन्दगी की खुशियों का अहसास करा जाते है. ऐसा लगता है मेरी बीती जिंदगी में भी ऐसे ही चटख फूलो के गुच्छे बीच-बीच में खिले हुए है. केसिया की फलियाँ गतिमान जीवन और जीवन की एकमात्र सच्चाई और उसके बाद फिर नवीन जीवन का अहसास दिलाती है. नजर पड़ती है गांठो से आगे बढ़ी शाखाओं पर जो बाधाओं को छोड़ आगे बढ़ने  को प्रेरित करती है पेड़ों की फैली शाखाएं देख लगता है मानो पेड़ अपनी बाहें पसारे आसमान की ओर से मुझे बुला रहे हों. जाने कैसा खिंचाव सा महसूस होता है, मन अनजानी सी ख़ुशी से भर जाता है और जिंदगी उर्जा से परिपूर्ण कुछ करने को तत्पर हो उठती है.
         प्रकृति उर्जा से परिपूर्ण होती है वाकई इसकी छोटी से छोटी झप्पी भी जादू की तरह काम करती है.

Wednesday, 9 November 2011

करंज से कर्म की ओर

आजकल करंज के पेड़ो को न जाने क्या रोग लग गया है.सारे पत्तों में सफ़ेद बिंदियाँ सी  लग गई हैं ,गोल चकत्तों में पत्तों का रंग उड़ गया है.सम्पूर्ण वृक्ष  में उभरी बिंदियों से करंज का चमकता गाढ़ा हरा रंग दब सा गया है. वनस्पति विज्ञानं की मदद से पता चला कि यह लीफ रस्ट है जो रेगुलेरिया फफूंद से होता है.                                       
          करंज के  गाढ़े हरे चमकते पत्तों की ऐसी दुर्दशा देख मन कष्ट महसूस कर रहा है, यह सोच  कर कि इससे करंज को तकलीफ तो हो रही होगी.  डॉ. जगदीशचंद्र बसु ने  किस्को-ग्राफ के माध्यम से वैज्ञानिक जगत में यह बात सिद्ध कर दी थी और हम  तो बचपन से ही पौध-जगत के सोने जागने खुश और उदास होने की मानव सम क्रियाओं ,भावनाओं के चिरंतन विश्वास के साथ ही बड़े हुए हैं.
         करंज के अन्य कष्टों का तो अहसास नहीं पर ये महसूस हो ही रहा है कि पत्ते के   जितने क्षेत्र  के ऊतक सूख से गए है उतने क्षेत्र के द्वारा सामान्य परिस्थितियों में बनाये  भोजन की कमी का सामना तो पेड़ कर  ही रहे  होंगे जैसे गरीब के बीमार होने पर रोज कमाने खाने वाले गरीब को भूखे पेट सोना पड़ता है. एक तो बीमारी उस पर भूख की दोहरी मार पड़ती है. यदि पेड़ अपनी भावनाएं  बयां कर पाते तो हमें वास्तविक स्थिति ज्ञात होती पर क्या हमे अपनी भावनाएं बयां करने में सक्षम गरीब की स्थिति भी ज्ञात होती है?
       हम में से कुछ  करंज की बीमारी से भी या कहे ऐसी किन्ही अन्य  आकस्मिकताओं से भी दुखी होते हैं और गरीब की गरीबी से भी.हमारे  कई दिनों के गपशप के  घंटे गरीबी की इस तकलीफ से व्यथित हो गरीबों की परिस्थितियों पर बाते करते,सरकार को कोसते  गुजरते है जैसे अभी हर दिन के कुछ मिनट करंज के पेड़ों के लिए दुखी होते बीतते है, लेकिन हम न करंज की तकलीफ मिटाने कुछ करते है न ही गरीब के कुछ काम आने की कोशिश  करते है, हाँ!! पर अपने काम, आराम, मनोरंजन के बाद कुछ समय  बचे तो इनके दुःख पर सोचें  या न सोचें  चर्चा जरूर करते हैं.
       आपसे निवेदन है कि यहाँ करंज और गरीबी को रूपक के रूप में लें और हम का सामान्यीकरण कर देखें तो अन्य कई समस्याएं इन के रूप में अपनी बात कहती महसूस होंगी.लेकिन मूल प्रश्न यह हैं कि -
           क्या चर्चा इनके दुःख कम कर सकती है?         
          क्या सिर्फ बातों से हमारा कर्त्तव्य पूरा हो जाता है?
          क्या हम अपनी हदों में ही सही हजार बातों की जगह एक काम की जिम्मेदारी उठा सकते हैं?
     मुझे पता है इन प्रश्नों के उत्तर का क्रम होगा- ना, ना,हाँ .लेकिन कब हमारे ये उत्तर कर्म का रूप ले सकेंगे? सोचिये-सोचिये....... अच्छा सोचने से कुछ जाता नहीं आता ही है आखिर कर्म सोच  का ही प्रतिफल होते हैं.और सोच कर्म में प्रतिफलित होती है. मैंने  सोचा  है   कि मैं  करंज में  फोलियर स्प्रे  ना सही पानी में घोल फफूंदीनाशक  जड़ो में डाल देती हूँ.आखिर नहीं मामा से काना मामा बेहतर होता है.